चेन्नई : कोलकाता से चेन्नई आ रही IndiGo की फ्लाइट 6E-723 में लैंडिंग से कुछ मिनट पहले अचानक तकनीकी खराबी आ गई। विमान का बायां इंजन बंद पड़ने से कुछ देर के लिए यात्रियों और एयरपोर्ट प्रशासन की चिंता बढ़ गई। स्थिति को देखते हुए चेन्नई एयरपोर्ट पर तत्काल ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी गई।
यह घटना 11 अगस्त की रात की है। विमान में कुल 224 यात्री सवार थे। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अधिकारियों के अनुसार, विमान को रात करीब 11:30 बजे चेन्नई पहुंचना था। लैंडिंग की तैयारी के दौरान पायलट को बाएं इंजन में खराबी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी।
रनवे पर पहले से तैयार थी इमरजेंसी टीम
पायलट की सूचना मिलते ही चेन्नई एयरपोर्ट प्रशासन ने आपातकालीन व्यवस्था सक्रिय कर दी। रनवे पर इमरजेंसी टीम और जरूरी सुरक्षा इंतजाम तैनात किए गए, ताकि विमान को किसी भी स्थिति में सुरक्षित उतारा जा सके। आखिरकार रात 11:37 बजे विमान ने रनवे 25 पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी 224 यात्री सुरक्षित रहे। इसके करीब 10 मिनट बाद, रात 11:47 बजे पूरी इमरजेंसी वापस ले ली गई।
इस घटना ने कुछ पल के लिए यात्रियों और एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों की धड़कनें बढ़ा दी थीं। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट की इमरजेंसी टीम की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। विमान में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है।


