मुंबई : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा अब क्रिकेट के मैदान के बाहर भी अपने फैंस का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। मैदान पर अपनी शानदार बल्लेबाजी और आक्रामक अंदाज से करोड़ों दिलों में जगह बनाने वाले ‘हिटमैन’ अब टीवी की दुनिया में एक नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। रोहित शर्मा के नए शो का प्रोमो सामने आ चुका है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है।
सोनी टीवी नेटवर्क की ओर से रोहित शर्मा के इस नए शो का प्रोमो सोशल मीडिया पर जारी किया गया है। प्रोमो में रोहित कैमरा और क्रू मेंबर्स को निर्देश देते हुए नजर आ रहे हैं। उनका यह नया अंदाज फैंस के लिए काफी दिलचस्प है। क्रिकेट के मैदान पर कप्तानी करने के बाद अब रोहित कैमरे के सामने और पीछे किस तरह नजर आएंगे, इसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।
रोहित का पुराना डायलॉग फिर चर्चा में
इससे पहले सामने आए टीजर में रोहित शर्मा के मैदान पर बोले गए चर्चित डायलॉग ‘कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा’ का मजेदार अंदाज में इस्तेमाल किया गया था। वीडियो में फैंस रोहित से एक बार फिर वही डायलॉग बोलने की मांग करते नजर आते हैं। फैंस की इस मांग पर रोहित मजाकिया अंदाज में कहते हैं, “दो लाइन क्या बोला, इतनी वायरल हो गईं… जब मेरा पूरा शो आएगा तो क्या होगा?” रोहित का यह अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है और इसी वजह से शो को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
क्या होगा शो का फॉर्मेट?
मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के मुताबिक, शो को ‘द रोहित शर्मा शो’ के नाम से पेश किया जा सकता है। यह शो सोनी टीवी और सोनी लिव पर प्रसारित होने की चर्चा है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि शो सेलिब्रिटी टॉक शो होगा, रियलिटी शो होगा या फिर कॉमेडी और मनोरंजन से जुड़ा कोई अलग फॉर्मेट। शो की रिलीज डेट और इसके फॉर्मेट को लेकर भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
क्रिकेट के बाद मनोरंजन की दुनिया में कदम
रोहित शर्मा टी-20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं। ऐसे में क्रिकेट के अलावा मनोरंजन की दुनिया में उनका यह नया कदम फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है। मैदान पर अपने बल्ले से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले रोहित अब टीवी पर अपने अंदाज से लोगों का दिल जीत पाते हैं या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल प्रोमो ने ही फैंस के बीच माहौल बना दिया है और अब सभी को शो के आधिकारिक ऐलान का इंतजार है।


