शुभमन गिल से भी महंगे बिके सनवीर सिंह, पंजाब T20 लीग में मचा तहलका; भारतीय कप्तान के साथ खेलेंगे

₹13.20 लाख की रिकॉर्ड बोली, गिल समेत कई बड़े खिलाड़ियों को छोड़ा पीछे

पंजाब : आईपीएल की तर्ज पर अब पंजाब में भी टी20 क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलने वाला है। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से शुरू की जा रही शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी पूरी हो चुकी है। नीलामी में एक नाम ने सबसे ज्यादा चर्चा बटोरी और वह है सनवीर सिंह।

सनवीर सिंह को फाजिल्का फाल्कन्स ने 13.20 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है। इस बोली के साथ सनवीर लीग के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। खास बात यह है कि उनकी कीमत भारतीय टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल समेत सभी मार्की खिलाड़ियों से भी ज्यादा रही।

गिल के साथ ही खेलेंगे सनवीर

शुभमन गिल भी फाजिल्का फाल्कन्स के मार्की खिलाड़ी हैं। नियमों के मुताबिक सभी मार्की खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये की तय कीमत पर टीमों में शामिल किया गया है। ऐसे में गिल और सनवीर अब एक ही टीम की ओर से मैदान पर उतरते नजर आएंगे। गिल के अलावा अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, प्रभसिमरन सिंह, रमनदीप सिंह और गुरनूर बराड़ जैसे खिलाड़ी भी मार्की खिलाड़ियों में शामिल हैं। इन सभी को 10 लाख रुपये की तय राशि मिलेगी।

इन खिलाड़ियों पर भी लगी बड़ी बोली

नीलामी में सनवीर के अलावा कई युवा खिलाड़ियों ने भी अच्छी रकम हासिल की। नमन धीर को अमृतसर सूर्माज ने 10.80 लाख रुपये में खरीदा। वहीं अमोलप्रीत सिंह के लिए मोहाली किंग्स ने 8.20 लाख रुपये खर्च किए। भटिंडा रॉयल्स ने हरनूर सिंह और अश्वनी कुमार को 7-7 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। हरप्रीत बराड़ को मोहाली किंग्स ने 4 लाख, जबकि सुदीप बाजवा को जालंधर वॉरियर्स ने 6 लाख रुपये में खरीदा।

कौन हैं सनवीर सिंह?

29 वर्षीय सनवीर सिंह पंजाब के लुधियाना से आते हैं। उनका जन्म 12 अक्टूबर 1996 को हुआ था। वह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और मध्यम गति की गेंदबाजी भी करते हैं। घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व करने वाले सनवीर आईपीएल में भी नजर आ चुके हैं। सनवीर 2023 और 2024 के आईपीएल सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा रहे। उन्होंने आईपीएल में कुल 6 मुकाबले खेले हैं। घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन उन्हें एक उपयोगी ऑलराउंडर बनाता है। उन्होंने 25 प्रथम श्रेणी मैचों में 670 रन बनाए हैं और 23 विकेट लिए हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 878 रन और 25 विकेट दर्ज हैं। वहीं 46 टी20 मैचों में उन्होंने 32.94 की औसत से 560 रन बनाए हैं और 13 विकेट भी हासिल किए हैं।

अब शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में उन पर लगी रिकॉर्ड बोली ने उन्हें एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। सबसे खास बात यह होगी कि जिस टीम ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल को भी अपने साथ जोड़ा है, उसी टीम में सनवीर सिंह अपनी ऑलराउंड क्षमता दिखाते नजर आएंगे।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

मंत्रालय में 550 कर्मचारियों पर गिरी गाज, मूल विभाग में भेजे गए अधिकारी-कर्मचारी

मुंबई : मंत्रालय और मंत्रियों के कार्यालयों में बिना तय प्रक्रिया के काम कर रहे करीब 550 अधिकारी और कर्मचारियों को अब उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया…

3 महीने में 3 बड़े चक्रवातों का खतरा! 44 साल के औसत से ज्यादा रह सकती है ताकत

देश में कहीं बारिश की कमी किसानों की चिंता बढ़ा रही है, तो अब मौसम को लेकर एक और बड़ी आशंका सामने आई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के…