मुंबई : बॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार और पंचम दा के नाम से मशहूर आरडी बर्मन की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर दिखाई देने वाली है। निर्देशक नीरज पांडे इस बहुप्रतीक्षित बायोपिक को बना रहे हैं, जिसमें अभिनेता फरहान अख्तर आरडी बर्मन की मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। अब इस फिल्म को लेकर एक और दिलचस्प खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय कुमार भी इस फिल्म का हिस्सा बन सकते हैं।
राजेश खन्ना के किरदार में दिखेंगे अक्षय कुमार?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्षय कुमार फिल्म में अपने ससुर और बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना की भूमिका निभा सकते हैं। आरडी बर्मन और राजेश खन्ना के बीच बेहद खास रिश्ता था और दोनों ने साथ मिलकर बॉलीवुड को कई यादगार गाने दिए थे। बताया जा रहा है कि फिल्म में दोनों के इसी खास रिश्ते और दोस्ती को अहम जगह दी जाएगी। इसी वजह से राजेश खन्ना के किरदार के लिए अक्षय कुमार का नाम सामने आया है।
10 दिनों तक शूटिंग कर सकते हैं अक्षय
रिपोर्ट्स की मानें तो अक्षय कुमार इस फिल्म के लिए करीब 10 दिनों तक शूटिंग कर सकते हैं। फिल्म में उनका रोल कैमियो के तौर पर होगा। हालांकि, अभी तक मेकर्स या अक्षय कुमार की ओर से इस खबर की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल फिल्म प्री-प्रोडक्शन स्टेज में है। वहीं, अभिनेता इमरान हाशमी के भी फिल्म का हिस्सा बनने की चर्चा है। ऐसे में आरडी बर्मन की जिंदगी और उनके दौर को पर्दे पर देखने के लिए दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।
आरडी बर्मन और राजेश खन्ना की जोड़ी रही खास
आरडी बर्मन और राजेश खन्ना का दौर हिंदी सिनेमा के सबसे यादगार दौरों में गिना जाता है। राजेश खन्ना की फिल्मों में आरडी बर्मन के संगीत ने अलग ही रंग भरा। यही वजह है कि अगर अक्षय कुमार पर्दे पर राजेश खन्ना का किरदार निभाते हैं, तो दर्शकों के लिए यह सिर्फ एक कैमियो नहीं बल्कि एक भावनात्मक कनेक्शन भी बन सकता है।
अक्षय कुमार के पास कई बड़े प्रोजेक्ट
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार लगातार कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्मों में ‘हैवान’ और ‘गोलमाल 5’ जैसे नाम शामिल हैं। अब आरडी बर्मन की बायोपिक में राजेश खन्ना के किरदार को लेकर सामने आई खबर ने उनके फैंस की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। हालांकि, अक्षय कुमार के राजेश खन्ना के किरदार में नजर आने की आधिकारिक घोषणा का अभी इंतजार है।


