मुंबई : मुंबई इंडियंस के सामने टीम संतुलन को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। हार्दिक पांड्या के ट्रेड को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर हार्दिक टीम से अलग होते हैं तो उनकी जगह कौन लेगा? भारत के पूर्व क्रिकेटर आर. अश्विन ने इस मामले पर अपनी राय रखते हुए कहा कि मुंबई इंडियंस को सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दूसरे फ्रेंचाइजी के खिलाड़ियों पर भी नजर रखनी चाहिए।
अश्विन के मुताबिक, मुंबई इंडियंस सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से ईशान किशन को टीम में शामिल करने पर विचार कर सकती है। ईशान पहले भी मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं और टीम की जरूरतों को अच्छी तरह समझते हैं। इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल भी मुंबई के लिए एक मजबूत विकल्प साबित हो सकते हैं। राहुल का अनुभव टीम की बल्लेबाजी को मजबूती दे सकता है। अश्विन ने पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के कुछ खिलाड़ियों का भी जिक्र किया। पंजाब से मार्को यान्सेन, अजमतुल्लाह उमरजई और प्रियांश आर्या जैसे खिलाड़ियों पर नजर रखी जा सकती है।
वहीं राजस्थान रॉयल्स से यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल जैसे भारतीय खिलाड़ियों के नाम भी चर्चा में हैं। इसके अलावा तुषार देशपांडे और सैम करन जैसे खिलाड़ी भी मुंबई के लिए उपयोगी विकल्प बन सकते हैं। अश्विन ने यह भी कहा कि मुंबई इंडियंस लखनऊ सुपर जायंट्स के निकोलस पूरन पर भी दांव लगा सकती है। पूरन दुनिया की कई टी-20 लीग में मुंबई की फ्रेंचाइजी के लिए खेल चुके हैं, ऐसे में टीम के साथ उनका तालमेल बेहतर हो सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि हार्दिक पांड्या को लेकर मुंबई इंडियंस क्या फैसला लेती है और आगामी आईपीएल सीजन के लिए टीम किस रणनीति के साथ मैदान में उतरती है।


