भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले टीम इंडिया के अभ्यास सत्र में एक ऐसा पल आया, जिसने खिलाड़ियों के साथ-साथ फैंस की भी धड़कनें बढ़ा दीं। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल अभ्यास के दौरान तेज गेंदबाजों का सामना कर रहे थे, तभी एक गेंद उनके दाहिने अंगूठे पर जा लगी। गेंद लगने के बाद गिल कुछ देर दर्द से परेशान नजर आए और प्राथमिक उपचार के लिए नेट्स से बाहर चले गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि उनकी चोट गंभीर नहीं थी। इलाज के बाद उन्होंने दोबारा बल्लेबाजी शुरू की, जिससे टीम प्रबंधन और फैंस ने राहत की सांस ली।
भारतीय टीम इस समय श्रीलंका दौरे की तैयारियों में पूरी तरह जुटी हुई है। 7 से 9 अगस्त तक अभ्यास मैच खेला जाएगा, जिसके बाद 15 अगस्त से टेस्ट सीरीज का आगाज होगा। इस बीच टीम पहले ही चोटों की समस्या से जूझ रही है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण सीरीज से बाहर हो चुके हैं, जबकि वॉशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं। वहीं साई सुदर्शन की फिटनेस को लेकर भी अभी आधिकारिक अपडेट का इंतजार है। दूसरे दिन के अभ्यास में केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ लंबा अभ्यास किया। श्रीलंका की पिचों को स्पिन के अनुकूल माना जाता है, इसलिए दोनों बल्लेबाज खासतौर पर स्पिनरों के खिलाफ अपनी तैयारी मजबूत कर रहे हैं।
भारतीय बल्लेबाजों की तैयारी को और बेहतर बनाने के लिए बीसीसीआई ने इस दौरे पर चार स्पिनरों को नेट बॉलर के रूप में टीम के साथ भेजा है। शुभमन गिल और देवदत्त पडिक्कल ने तेज गेंदबाजी का सामना किया, जबकि ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल ने थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट के साथ बल्लेबाजी का अभ्यास किया। मुख्य कोच गौतम गंभीर और गेंदबाजी कोच मॉर्ने मॉर्केल पूरे अभ्यास सत्र पर नजर बनाए हुए थे। दोनों ने गुरुवार से शुरू होने वाले अभ्यास मैच की पिच का भी निरीक्षण किया और खिलाड़ियों की तैयारियों का जायजा लिया। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत के लिए आगामी टेस्ट मुकाबले बेहद अहम हैं। श्रीलंका के बाद टीम को न्यूजीलैंड दौरे पर दो टेस्ट खेलने हैं, जबकि साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया भारत दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा। ऐसे में भारत के लिए आने वाले मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करना बेहद जरूरी होगा।


