नई दिल्ली : महाराष्ट्र में पिछले साल आई अतिवृष्टि और भीषण बाढ़ से हुए भारी नुकसान के बाद अब पुनर्निर्माण के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की मांग तेज हो गई है। राज्यसभा सांसद डॉ. अजित गोपछड़े ने केंद्रीय गृह एवं सहकार मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष सहायता पैकेज जारी करने की मांग रखी।
सांसद डॉ. गोपछड़े ने केंद्रीय गृहमंत्री को सौंपे ज्ञापन में कहा कि वर्ष 2025 में आई प्राकृतिक आपदा के कारण राज्य के कई जिलों में खेती, सिंचाई परियोजनाएं, सड़कें, पेयजल व्यवस्था और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही हजारों परिवारों की आजीविका भी प्रभावित हुई है। उन्होंने नुकसान का वैज्ञानिक और वास्तविक आकलन करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित विभागों तथा विशेषज्ञ संस्थाओं की भागीदारी से पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेसमेंट (PDNA) की उच्चस्तरीय बैठक जल्द आयोजित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मूल्यांकन के आधार पर महाराष्ट्र के पुनर्निर्माण के लिए केंद्र सरकार की ओर से विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
इस दौरान डॉ. गोपछड़े ने नांदेड स्थित तख्त सचखंड हजूर अबचलनगर साहिब की लंगर सेवा को पूर्ण GST छूट देने की मांग भी रखी। साथ ही धर्माबाद रेलवे स्टेशन के नामकरण को लेकर भी उन्होंने स्वतंत्र निवेदन केंद्रीय गृहमंत्री को सौंपा।
धर्माबाद रेलवे स्टेशन के नामकरण की मांग
डॉ. गोपछड़े ने मांग की कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक परमपूज्य डॉ. केशव बळीराम हेडगेवार का मूल गांव कंदकुर्ती (तालुका धर्माबाद, जिला नांदेड) होने के कारण धर्माबाद रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘परमपूज्य डॉ. केशव बळीराम हेडगेवार रेलवे स्टेशन’ किया जाए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद द्वारा रखी गई सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


