नई दिल्ली : अगर आप घर में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। देशभर की गैस कंपनियों ने सभी घरेलू गैस उपभोक्ताओं से 15 अगस्त 2026 तक e-KYC पूरा करने की अपील की है। तय समय तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर गैस रिफिल बुकिंग में परेशानी आ सकती है। इतना ही नहीं, कुछ मामलों में घरेलू सिलेंडर की जगह कमर्शियल रेट पर सिलेंडर लेना पड़ सकता है।
गैस कंपनियों के अनुसार, e-KYC का उद्देश्य हर गैस कनेक्शन का सत्यापन करना, फर्जी और अवैध कनेक्शनों पर रोक लगाना और सरकारी सब्सिडी सही लाभार्थियों तक पहुंचाना है। इसी वजह से सभी गैस एजेंसियों को ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं की e-KYC जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं। कई इलाकों में अभी भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने e-KYC नहीं कराई है। ऐसे में गैस एजेंसियां ग्राहकों को फोन कॉल, एसएमएस और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए जल्द प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दे रही हैं। कुछ उपभोक्ताओं को रिफिल बुकिंग प्रभावित होने से जुड़े संदेश भी मिलने लगे हैं।
कैसे करें e-KYC?
उपभोक्ता अपनी नजदीकी गैस एजेंसी पर जाकर या संबंधित गैस कंपनी की आधिकारिक ऑनलाइन सुविधा के माध्यम से e-KYC पूरी कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, पंजीकृत मोबाइल नंबर और आवश्यक पहचान दस्तावेजों की जरूरत होगी। सत्यापन पूरा होने के बाद गैस कनेक्शन का रिकॉर्ड अपडेट कर दिया जाएगा। अगर आपने अब तक e-KYC नहीं कराई है, तो अंतिम तारीख का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लेना आपके लिए बेहतर रहेगा। इससे भविष्य में गैस रिफिल और सब्सिडी से जुड़ी किसी भी परेशानी से बचा जा सकेगा।


