भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 (CWG 2026) की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा के क्वालिफिकेशन राउंड में 84 मीटर का स्वचालित क्वालिफाइंग मार्क तो हासिल नहीं किया, लेकिन शानदार प्रदर्शन के दम पर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। खास बात यह रही कि नीरज ने क्वालिफाइंग राउंड में पाकिस्तान के अर्शद नदीम से बेहतर प्रदर्शन करते हुए उन्हें पीछे छोड़ दिया। मुकाबले के दौरान तेज हवा और ठंड के कारण खिलाड़ियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 18 खिलाड़ियों में से कोई भी 84 मीटर की निर्धारित दूरी पार नहीं कर सका।
नीरज चोपड़ा ने पहले प्रयास में 76.28 मीटर का थ्रो किया। इसके बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने 79.61 मीटर भाला फेंककर पांचवां स्थान हासिल किया और फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत के लिए यह और भी खुशी की बात रही कि रोहित यादव (78.37 मीटर) और यशवीर सिंह (78.36 मीटर) ने भी शीर्ष-12 में जगह बनाकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। वहीं, पाकिस्तान के मौजूदा चैंपियन अर्शद नदीम ने 78.63 मीटर का अपना सीजन बेस्ट थ्रो किया, लेकिन वह सातवें स्थान पर रहे। क्वालिफिकेशन राउंड में श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरागे ने 82.84 मीटर के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि एंडरसन पीटर्स (81.29 मीटर) दूसरे और दक्षिण अफ्रीका के डॉव स्मिथ (80.64 मीटर) तीसरे स्थान पर रहे।
सबसे बड़ा उलटफेर तब देखने को मिला जब पूर्व स्वर्ण पदक विजेता केन्या के जूलियस येगो 74.50 मीटर के साथ फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए। अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला 1 अगस्त की रात 12:45 बजे शुरू होगा, जहां नीरज चोपड़ा एक बार फिर स्वर्ण पदक की चुनौती पेश करते नजर आएंगे।


