Mumbai Indians Coaching Staff : आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं। रॉबिन उथप्पा को बल्लेबाजी कोच बनाया गया है, जबकि मिचेल मैक्लेनघन, टी. दिलीप और धवल कुलकर्णी भी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।
आईपीएल 2027 की तैयारियां शुरू होने से पहले ही मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। फ्रेंचाइजी ने कोचिंग स्टाफ में बदलाव करते हुए चार पूर्व क्रिकेटरों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस बदलाव में सबसे ज्यादा चर्चा रॉबिन उथप्पा की वापसी को लेकर हो रही है। कभी मुंबई इंडियंस के लिए बतौर खिलाड़ी मैदान पर उतरने वाले उथप्पा अब टीम को बल्लेबाजी के गुर सिखाते नजर आएंगे।
रॉबिन उथप्पा बने बल्लेबाजी कोच
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा को मुंबई इंडियंस का नया बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी कीरोन पोलार्ड संभाल रहे थे। महेला जयवर्धने के बाद पोलार्ड को मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उथप्पा के लिए मुंबई इंडियंस में वापसी खास मानी जा रही है। आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 में उन्होंने इसी फ्रेंचाइजी के साथ अपने आईपीएल सफर की शुरुआत की थी। अब लंबे अनुभव के बाद वह एक नई भूमिका में टीम के साथ जुड़ रहे हैं।
मिचेल मैक्लेनघन और टी. दिलीप को भी मौका
मुंबई इंडियंस ने न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिचेल मैक्लेनघन को गेंदबाजी कोच बनाया है। वहीं, भारतीय टीम के पूर्व फील्डिंग कोच टी. दिलीप को क्षेत्ररक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी युवा गेंदबाजों को प्रशिक्षित करेंगे। उनका काम टीम के उभरते हुए गेंदबाजों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करना होगा।
मुंबई इंडियंस के लिए पहले भी खेल चुके हैं ये खिलाड़ी
इन नियुक्तियों की खास बात यह है कि नए कोचिंग स्टाफ के कई सदस्य पहले मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनकर मैदान पर उतर चुके हैं। मिचेल मैक्लेनघन ने 2015 से 2019 के बीच मुंबई इंडियंस के लिए 56 मुकाबले खेले और 71 विकेट अपने नाम किए। वह टीम के तीन खिताबी अभियानों का भी हिस्सा रहे हैं। वहीं, धवल कुलकर्णी ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत मुंबई इंडियंस से की थी। वह शुरुआती छह सीजन तक टीम का हिस्सा रहे। इसके बाद 2020 और 2021 में भी मुंबई की टीम में लौटे। अब वह युवा गेंदबाजों को अपनी सीख और अनुभव से तैयार करेंगे।
कभी मुंबई मैनेजमेंट पर लगाए थे गंभीर आरोप
रॉबिन उथप्पा की वापसी इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि अतीत में वह मुंबई इंडियंस के मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप लगा चुके हैं। एक पॉडकास्ट में उथप्पा ने दावा किया था कि आईपीएल 2008 के बाद फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट ने उन पर टीम छोड़ने का दबाव बनाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि टीम बदलने से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने के लिए भी उन पर दबाव डाला गया था। आईपीएल 2008 में उथप्पा ने मुंबई इंडियंस के लिए 14 मुकाबले खेले थे और 320 रन बनाए थे। इसके बाद अगले सीजन से पहले उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) में भेज दिया गया था।
अब कई साल बाद वही उथप्पा मुंबई इंडियंस में नई जिम्मेदारी के साथ लौटे हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार उनके हाथ में बल्ला नहीं, बल्कि टीम के बल्लेबाजों को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी होगी। देखना दिलचस्प होगा कि इन चार नए चेहरों के अनुभव का फायदा मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2027 में कितना मिलता है।


