नई दिल्ली : जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया ने 3-0 से सीरीज अपने नाम की। इस दौरे पर मुख्य कोच गौतम गंभीर की गैरमौजूदगी में वीवीएस लक्ष्मण ने टीम की जिम्मेदारी संभाली। सीरीज जीत के बाद यह चर्चा तेज हो गई कि क्या लक्ष्मण को टीम इंडिया का स्थायी मुख्य कोच बनाया जा सकता है।
सीरीज खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे गौतम गंभीर की जगह लेने को लेकर सवाल पूछा गया, तो लक्ष्मण ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि गौतम गंभीर और उनका सपोर्ट स्टाफ इंग्लैंड दौरे के बाद लगातार व्यस्त थे। इसी वजह से उन्हें आराम दिया गया और जिम्बाब्वे दौरे पर अंतरिम जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई।
वीवीएस लक्ष्मण ने कहा, “मैं पिछले चार साल से जरूरत पड़ने पर यह जिम्मेदारी निभा रहा हूं। खिलाड़ियों के साथ काम करना हमेशा अच्छा अनुभव होता है। मैं बीसीसीआई की योजना का हिस्सा हूं और इस भूमिका का आनंद लेता हूं।” कोच बदलने की चर्चाओं पर उन्होंने साफ कहा, “गौतम गंभीर को रिप्लेस करने का न कोई विचार है और न ही ऐसी कोई चर्चा चल रही है।” लक्ष्मण के इस बयान के बाद टीम इंडिया के मुख्य कोच को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।


