नागपुर : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर नागपुर के अजनी चौक स्थित अमर जवान स्मारक पर रविवार को शहीद सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। माजी वायूसैनिक कल्याण संघटना (ईवान), नागपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में तीनों सेनाओं के पूर्व सैनिक, छात्र-छात्राएं, नागरिक और मातृशक्ति बड़ी संख्या में शामिल हुए।
वर्ष 1999 में हुए कारगिल युद्ध की 26वीं वर्षगांठ पर देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 527 वीर जवानों को याद किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विंग कमांडर एस. के. जैन (सेवानिवृत्त) ने की। वहीं स्मारक समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर सुनील गावपांडे (सेवानिवृत्त), कर्नल अभय पटवर्धन, ग्रुप कैप्टन विजय हरदास, आर. वी. सिंह और निंभोरकर सहित कई पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव छात्रों के साथ साझा किए। उन्होंने देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश देते हुए युवाओं को सेना के शौर्य से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में माउंट कार्मेल स्कूल, स्कूल ऑफ स्कॉलर्स और श्री अकादमी के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। माउंट कार्मेल स्कूल की मुख्याध्यापिका सिस्टर रेजिना जॉर्ज, श्री अकादमी की संचालिका जयश्री मैडम तथा ईवान के कार्याध्यक्ष महेश आंबोकर, सचिव अजय गाढवे, उपाध्यक्ष राजू धांडे, मधुकर भांडारकर, कोषाध्यक्ष सुभाष भुसारी सहित संगठन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन में शहीदों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।


