नागपुर : संगीत प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (SCZCC), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 29 से 31 जुलाई 2026 तक 33वां डॉ. वसंतराव देशपांडे स्मृति संगीत समारोह आयोजित किया जाएगा। यह तीन दिवसीय समारोह डॉ. वसंतराव देशपांडे स्मृति सभागृह, सिविल लाइन्स, नागपुर में हर शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। समारोह में शास्त्रीय गायन, वादन और संगीत नाटक की शानदार प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।
इस समारोह की जानकारी शुक्रवार को आयोजित पत्रकार परिषद में केंद्र की उपनिदेशक मिथिला तळवणेकर और सहायक निदेशक (कार्यक्रम) दीपक कुलकर्णी ने दी। इस अवसर पर लेखा एवं प्रशासनिक अधिकारी दीपक पाटिल भी मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ 29 जुलाई को होगा। पहले दिन प्रसिद्ध गायिका पद्मश्री शुभा मुदगल अपनी शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देंगी। इसके बाद देश के जाने-माने सितार वादक निलाद्री कुमार अपनी अनोखी शैली से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। 30 जुलाई को मुंबई की भद्रकाली प्रोडक्शन्स की ओर से चर्चित मराठी संगीत नाटक ‘देवबाभळी’ का मंचन किया जाएगा। पारंपरिक अभंग और आधुनिक प्रस्तुति का सुंदर संगम माने जाने वाले इस नाटक को अब तक 800 से अधिक बार मंचित किया जा चुका है और इसे 44 पुरस्कार मिल चुके हैं।
समारोह के अंतिम दिन 31 जुलाई को पद्मश्री पं. रोनू मजूमदार अपनी बांसुरी की मधुर धुनों से शाम को यादगार बनाएंगे। इसके बाद प्रतिष्ठित गायक और संगीतकार स्वराधीश डॉ. भरत बलवल्ली शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति देंगे। समारोह के लिए प्रवेश पत्र 500 रुपये और 300 रुपये में उपलब्ध हैं। इच्छुक दर्शक इन्हें दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर कार्यालय से सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक खरीद सकते हैं। कार्यक्रम के दिनों में प्रवेश पत्र कार्यक्रम स्थल पर भी उपलब्ध रहेंगे। केंद्र की निदेशक आस्था कार्लेकर ने सभी संगीत प्रेमियों और कला रसिकों से इस भव्य संगीत समारोह में शामिल होकर भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा का आनंद लेने की अपील की है।


