नागपुर : नागपुर और विदर्भ के युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। रोजगार के अवसर बढ़ाने और उद्योगों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने के उद्देश्य से बनाए गए नागपुर स्किल सेंटर का उद्घाटन 26 जुलाई को सुबह 11 बजे किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पारडी स्थित प्रजापति नगर मेट्रो स्टेशन के पास इस अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र का लोकार्पण करेंगे।
यह स्किल सेंटर एसोसिएशन फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (AID) की पहल पर तैयार किया गया है। इस परियोजना को टाटा स्ट्राइव, नागपुर महानगरपालिका, स्किल इंडिया अभियान और विदर्भ ग्लोबल फाउंडेशन का सहयोग मिला है। इसका उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है। करीब 30 हजार वर्गफुट क्षेत्र में बने इस केंद्र में हर साल लगभग 2 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देने की क्षमता होगी। यहां केवल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, अंग्रेजी और कंप्यूटर शिक्षा, ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग, प्लेसमेंट सहायता और उद्यमिता से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी।
स्किल सेंटर में 10वीं, 12वीं पास और स्नातक युवाओं के लिए पूरी तरह नि:शुल्क अल्पकालीन कोर्स शुरू किए जाएंगे। 10वीं पास विद्यार्थियों के लिए फूड एंड बेवरेज सर्विस स्टूअर्ड, असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन, जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, फील्ड टेक्नीशियन और सोलर पीवी इंस्टॉलर जैसे कोर्स उपलब्ध होंगे। वहीं 12वीं पास विद्यार्थियों के लिए फ्रंट ऑफिस एसोसिएट और क्विक सर्विस रेस्टोरेंट एग्जीक्यूटिव के कोर्स चलाए जाएंगे। स्नातकों के लिए बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव और यूआई/यूएक्स डिजाइनर जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
समारोह की अध्यक्षता महापौर नीता ठाकरे करेंगी। इस अवसर पर राजस्व मंत्री एवं नागपुर के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे, राज्य मंत्री एड. आशीष जायसवाल, राज्यसभा सदस्य माया इवनाते, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी प्रवेश और अधिक जानकारी के लिए नागपुर स्किल सेंटर, प्रथम तल, कौशल विकास केंद्र, पारडी अग्निशमन दल कार्यालय के सामने, प्रजापति नगर मेट्रो स्टेशन के पास संपर्क कर सकते हैं।


