राजा रघुवंशी हत्याकांड: सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी को दिया बड़ा झटका, जमानत रद्द; 3 हफ्तों में सरेंडर का आदेश

मेघालय सरकार की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, सुनवाई में देरी होने पर 6 महीने बाद दोबारा जमानत याचिका दाखिल करने की छूट

इंदौर :  राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सर्वोच्च न्यायालय ने हाई कोर्ट द्वारा दी गई जमानत को रद्द करते हुए सोनम को तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने का आदेश दिया है। अदालत ने यह भी कहा कि यदि मुकदमे की सुनवाई में अनावश्यक देरी होती है, तो छह महीने बाद वह दोबारा जमानत के लिए आवेदन कर सकती हैं।

यह मामला उस समय देशभर में चर्चा का विषय बन गया था, जब इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हनीमून के दौरान हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पत्नी सोनम रघुवंशी समेत कई लोगों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। सोनम को मिली जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के दौरान सोनम के वकील ने अदालत को बताया कि मामले में कुल 94 गवाह हैं, लेकिन अब तक केवल चार गवाहों के ही बयान दर्ज किए गए हैं। उनका कहना था कि मुकदमे में देरी हो रही है और उनकी मुवक्किल जमानत की सभी शर्तों का पालन कर रही हैं।

वकील ने यह भी दलील दी कि सोनम ने आत्मसमर्पण नहीं किया था, बल्कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से उन्हें गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी को ‘सरेंडर’ के रूप में पेश किया जा रहा है, जो सही नहीं है। वहीं, मेघालय सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत में कहा कि आरोपी के पक्ष में दिए जा रहे तर्क तथ्यहीन हैं। उन्होंने दावा किया कि सोनम ने स्वेच्छा से आत्मसमर्पण किया था और इसका उल्लेख आरोपपत्र में भी किया गया है।

गौरतलब है कि पिछली सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने सोनम के सामने दो विकल्प रखे थे—या तो वह स्वयं सरेंडर करें या फिर अदालत उनकी जमानत रद्द कर दे। हालांकि, सोनम ने अपने जवाब में खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि उन्हें परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर झूठा फंसाया गया है। फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद उन्हें तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करना होगा।

 

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

मंत्रालय में 550 कर्मचारियों पर गिरी गाज, मूल विभाग में भेजे गए अधिकारी-कर्मचारी

मुंबई : मंत्रालय और मंत्रियों के कार्यालयों में बिना तय प्रक्रिया के काम कर रहे करीब 550 अधिकारी और कर्मचारियों को अब उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया…

3 महीने में 3 बड़े चक्रवातों का खतरा! 44 साल के औसत से ज्यादा रह सकती है ताकत

देश में कहीं बारिश की कमी किसानों की चिंता बढ़ा रही है, तो अब मौसम को लेकर एक और बड़ी आशंका सामने आई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के…