अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कनाडा से आयात होने वाले कई उत्पादों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की है। ट्रम्प प्रशासन का कहना है कि यह कदम अमेरिकी कार, डेयरी उत्पादों और शराब के साथ कनाडा द्वारा किए जा रहे कथित भेदभावपूर्ण व्यवहार के जवाब में उठाया गया है।
व्हाइट हाउस के अनुसार, नया टैरिफ अगले 30 दिनों में लागू होगा। इससे अमेरिका और कनाडा के बीच पहले से चल रहे व्यापारिक विवाद के और गहराने की आशंका जताई जा रही है.नई टैरिफ सूची में वाइन, फर्नीचर, खेल सामग्री और सीमेंट समेत कई उत्पाद शामिल हैं। हालांकि, ऊर्जा उत्पाद, पोटाश, महत्वपूर्ण खनिज और मछली जैसी कनाडा की प्रमुख निर्यात वस्तुओं को इस शुल्क से बाहर रखा गया है. इस बीच, कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में अमेरिकी फैसले को “एकतरफा व्यापारिक कार्रवाई” बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका-कनाडा व्यापार वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए कनाडा तैयार है, लेकिन यह फैसला कनाडा-अमेरिका-मेक्सिको (USMCA/CUSMA) समझौते की भावना के खिलाफ है।
कार्नी ने अपने बयान में कनाडा की संप्रभुता का भी जिक्र किया। इससे पहले डोनाल्ड ट्रम्प कनाडा को अमेरिका का “51वां राज्य” बनाने संबंधी बयान देकर भी विवादों में रहे हैं। ऐसे में नए टैरिफ को दोनों देशों के बीच बढ़ते राजनीतिक और व्यापारिक तनाव की एक और बड़ी कड़ी माना जा रहा है.


