मुंबई : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 6 अगस्त को मुंबई में जेन Z और जेन Alpha के छात्रों से संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में आयोजित किया जाएगा, जहां देश के 100 से अधिक शहरों से आए 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 2,000 हाई स्कूल छात्र शामिल होंगे।
यह संवाद इंडियाज इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस (IIMUN) की स्थापना के 15 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित वार्षिक चैंपियनशिप कॉन्फ्रेंस के उद्घाटन सत्र का हिस्सा होगा। IIMUN के संस्थापक ऋषभ शाह ने कहा कि नेतृत्व का अर्थ केवल नई पीढ़ी को दिशा देना नहीं, बल्कि उनकी बात सुनना भी है। उनका मानना है कि भारत के वर्तमान दौर में युवाओं के साथ खुले संवाद पहले से अधिक जरूरी हो गए हैं। उन्होंने डॉ. मोहन भागवत का कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “दुनिया को एकजुट करने में युवाओं की भूमिका : भारतीय दृष्टिकोण” रखा गया है। इस दौरान युवाओं से उनके विचार, नेतृत्व क्षमता और वैश्विक चुनौतियों में उनकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से देश में युवाओं से संवाद और उनकी सोच को समझने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे पहले भी डॉ. मोहन भागवत कह चुके हैं कि आज की युवा पीढ़ी केवल निर्देशों का पालन करने के बजाय सवाल पूछती है और संवाद के माध्यम से बात समझना पसंद करती है। ऐसे में यह कार्यक्रम युवाओं और नेतृत्व के बीच विचारों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है।


