ऑनलाइन ग्रोसरी और रोजमर्रा के सामान की डिलीवरी के बाद अब LPG गैस सिलेंडर भी कुछ ही मिनटों में घर तक पहुंचाया जाएगा। क्विक कॉमर्स क्षेत्र में पहली बार Swiggy Instamart ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर चुनिंदा LPG सिलेंडरों की फास्ट डिलीवरी सेवा शुरू की है। इस सुविधा के जरिए ग्राहक अधिकृत HPCL गैस सिलेंडर आसानी से ऑनलाइन मंगवा सकेंगे।
फिलहाल यह सेवा बेंगलुरु शहर के Instamart के चुनिंदा सेवा क्षेत्रों में शुरू की गई है। अन्य शहरों और राज्यों में यह सुविधा कब शुरू होगी, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Instamart पर ग्राहकों को HP Navya 10 किलो कंपोजिट LPG सिलेंडर और HPCL 5 किलो मेटल LPG सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। छोटे परिवारों, छात्रों, किराये पर रहने वाले लोगों और कम गैस उपयोग करने वाले ग्राहकों के लिए यह विकल्प उपयोगी माना जा रहा है।
सिलेंडर ऑर्डर करने की प्रक्रिया भी काफी आसान है। इसके लिए ग्राहक Instamart ऐप खोलकर HPCL LPG सिलेंडर सर्च करें, अपनी जरूरत के अनुसार सिलेंडर चुनें और आवश्यक जानकारी भरकर ऑर्डर पूरा कर दें। हालांकि ऑर्डर Instamart ऐप के जरिए किया जाएगा, लेकिन डिलीवरी HPCL के अधिकृत वितरकों और प्रशिक्षित डिलीवरी कर्मचारियों द्वारा की जाएगी। कंपनी के अनुसार सुरक्षा मानकों और गैस वितरण से जुड़े सभी नियमों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।


