भारतीय महिला क्रिकेट में अचानक बड़ा नेतृत्व बदलाव सामने आया है। हरमनप्रीत कौर ने भारत के तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उनके इस फैसले के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही, जिसके चलते उन्होंने कप्तानी से हटने का निर्णय लिया?
सोमवार को गुवाहाटी में बीसीसीआई की भारतीय महिला टीम के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में हरमनप्रीत कौर, उपकप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मुझुमदार मौजूद थे। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में हरमनप्रीत के कप्तानी भविष्य और कोच अमोल मुझुमदार की भूमिका को लेकर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
विश्व कप के बाद उठे थे सवाल
हरमनप्रीत के नेतृत्व में भारतीय टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन इस साल की शुरुआत में हुए टी-20 विश्व कप के बाद उनकी कप्तानी को लेकर सवाल उठने लगे थे। इंग्लैंड में खेले गए इस विश्व कप में भारतीय टीम नॉकआउट चरण तक नहीं पहुंच सकी थी। हालांकि, टीम ने इसके बाद शानदार वापसी की। भारत ने एशिया कप और एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके बावजूद हरमनप्रीत के भविष्य को लेकर पहले से चल रही चर्चाओं पर इन सफलताओं का असर नहीं पड़ा। गुवाहाटी की समीक्षा बैठक के बाद आखिरकार उनके कप्तानी छोड़ने का फैसला सामने आ गया।
हरमनप्रीत का कप्तानी रिकॉर्ड रहा मजबूत
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने टेस्ट क्रिकेट में 4 मुकाबले जीते और 1 में हार मिली। वनडे में टीम ने 30 जीत, 19 हार, 1 टाई और 1 अनिर्णीत मुकाबला खेला। वहीं टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत ने उनकी कप्तानी में 93 मैच जीते, जबकि 57 में हार का सामना किया और 1 मैच अनिर्णीत रहा। उनके नेतृत्व में भारत ने कई अहम उपलब्धियां भी हासिल कीं। टीम ने 2017 का विश्व कप क्वालीफायर जीता और एशिया कप तथा एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किए। ऐसे में हरमनप्रीत का कप्तानी से हटना भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
अब स्मृति मंधाना के सामने बड़ी जिम्मेदारी
हरमनप्रीत के बाद स्मृति मंधाना को भारतीय महिला टीम की कमान मिलने की संभावना सबसे ज्यादा मानी जा रही है। स्मृति लंबे समय तक हरमनप्रीत की उपकप्तान रही हैं और टीम में उनकी भूमिका भी काफी अहम रही है। लेकिन कप्तानी मिलती है तो स्मृति के सामने शुरुआत से ही बड़ी चुनौतियां होंगी। आगामी विश्व कप और लॉस एंजिल्स ओलंपिक उनके नेतृत्व की सबसे बड़ी परीक्षा बन सकते हैं। भारतीय टीम को अब नए कप्तान के साथ आगे बढ़ना होगा और इस बदलाव के बीच टीम से उम्मीदें भी कम नहीं होंगी। नए कप्तान के नाम का ऐलान जिम्बाब्वे के भारत दौरे के लिए टीम घोषित होने के साथ होने की संभावना है। जिम्बाब्वे की महिला टीम भारत दौरे पर 16, 18 और 20 अक्टूबर को तीन वनडे, जबकि 23, 26 और 28 अक्टूबर को तीन टी-20 मुकाबले खेलेगी।


