इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने भले ही शतक नहीं लगाया, लेकिन उनकी 76 रनों की पारी बेहद खास बन गई। जब पाकिस्तान की टीम मुश्किल में थी, तब बाबर ने एक बार फिर जिम्मेदारी संभाली और टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसी पारी के दौरान उन्होंने कप्तान के तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7 हजार रन भी पूरे कर लिए।
एजबेस्टन में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान की पहली पारी महज 133 रनों पर सिमट गई थी। इसके बाद इंग्लैंड ने 453 रन बनाकर 320 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की। ऐसे में पाकिस्तान के सामने मैच बचाने की बड़ी चुनौती थी। दूसरी पारी में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने शानदार संघर्ष दिखाया और टीम ने 449 रन बनाए। इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 130 रनों का लक्ष्य रखा गया। इस पारी में बाबर आजम ने 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 76 रन बनाए। हालांकि, एक बार फिर उनका शतक पूरा नहीं हो सका। टेस्ट क्रिकेट में बाबर को शतक लगाए हुए अब 40 पारियां हो चुकी हैं। उन्होंने आखिरी टेस्ट शतक दिसंबर 2022 में लगाया था।
लेकिन इस बार बाबर की 76 रनों की पारी सिर्फ स्कोरबोर्ड तक सीमित नहीं रही। इसी दौरान उन्होंने कप्तान के तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7 हजार रन पूरे किए। इसके साथ ही वह विराट कोहली, रिकी पोंटिंग, ग्रीम स्मिथ, स्टीफन फ्लेमिंग और एमएस धोनी जैसे दिग्गज कप्तानों की खास सूची में शामिल हो गए। कप्तान के तौर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7 हजार रन पूरे करने वाले बाबर आजम दुनिया के 16वें और पाकिस्तान के दूसरे कप्तान बने हैं। इस सूची में सबसे ऊपर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं, जिन्होंने कप्तान के तौर पर 15 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। बाबर के लिए यह रिकॉर्ड ऐसे समय आया है, जब उनकी बल्लेबाजी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। शतक का इंतजार भले ही अभी जारी है, लेकिन मुश्किल वक्त में खेली गई 76 रनों की यह पारी उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि जरूर बन गई है।


