मुंबई: महाराष्ट्र की मुख्यमंत्री लाड़ली बहन योजना की जून महीने की ₹1500 की किस्त का इंतजार कर रही लाखों महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जुलाई का पहला सप्ताह समाप्त हो चुका है, लेकिन जून की किस्त अब तक लाभार्थियों के बैंक खातों में नहीं पहुंची है। ऐसे में अब इसकी संभावित तारीख को लेकर नई जानकारी सामने आई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जून महीने की लंबित किस्त 12 से 15 जुलाई के बीच पात्र महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा सकती है। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि आगामी मंत्रिमंडल की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद राशि जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। जानकारी के मुताबिक, राज्य की करीब 1 करोड़ 66 लाख पात्र महिलाओं के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से ₹1500 की राशि भेजी जाएगी। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो लंबे समय से किस्त का इंतजार कर रही महिलाओं को बड़ी राहत मिल सकती है।
वहीं, ई-केवाईसी और दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान करीब 80 लाख महिलाओं का लाभ फिलहाल रोक दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जिन लाभार्थियों की आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, उन्हें फिलहाल योजना का लाभ नहीं मिल पाएगा। आमतौर पर सरकार हर महीने लाभार्थियों के खातों में किस्त भेजती है, लेकिन इस बार जून की राशि में देरी होने से महिलाओं की उत्सुकता बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें आगामी मंत्रिमंडल बैठक पर टिकी हैं। बैठक के बाद सरकार की ओर से आधिकारिक निर्णय आने की उम्मीद है, जिसके बाद जून महीने की किस्त जारी होने का रास्ता साफ हो सकता है.


