भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में एक बार फिर अपना दम दिखाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। फाइनल में भारत का सामना ईरान से था और शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। एक समय ऐसा भी आया, जब ईरान ने भारत की बढ़त को सिर्फ एक अंक तक सीमित कर दिया था। लेकिन आखिरी मिनटों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पहले हाफ में भारत ने 22-16 की बढ़त बनाई। हालांकि ईरान के खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में जोरदार वापसी करते हुए भारतीय टीम पर दबाव बढ़ाया। ईरान की मजबूत पकड़ के कारण भारत के कुछ रेडर भी चोटिल हुए और मुकाबला और ज्यादा रोमांचक हो गया। मैच खत्म होने से करीब साढ़े आठ मिनट पहले ईरान ने भारत के आखिरी दो खिलाड़ियों को आउट कर चार अंक हासिल किए और स्कोर 26-27 तक पहुंचा दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने संयम बनाए रखा। बोनस और टैकल के जरिए भारत ने अपनी बढ़त मजबूत की।
मैच के आखिरी पांच मिनट में संजू देवी ने एक रेड में दो अंक हासिल कर भारत को 33-28 की बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय डिफेंस ने ईरान की प्रमुख रेडर को पकड़कर जीत लगभग पक्की कर दी। आखिरकार भारत ने यह रोमांचक मुकाबला 37-34 से जीतकर एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में अपना चौथा स्वर्ण पदक जीता है। इससे पहले भारत ने 2010, 2014 और 2022 में भी गोल्ड मेडल हासिल किया था। मैच के आखिरी पलों में भारतीय खिलाड़ियों का धैर्य और शानदार डिफेंस ही टीम की जीत की बड़ी वजह बना। एक-एक अंक के लिए चली इस जंग का अंत भारत के सुनहरे पल के साथ हुआ।


