नागपुर : सामाजिक, शैक्षणिक, राजनीतिक, पर्यावरणीय और सांस्कृतिक क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे प्रा. अनिल सोले के 67वें जन्मदिन के अवसर पर 20 सितंबर को भव्य नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। प्रा. अनिलजी सोले मित्र परिवार की ओर से आयोजित यह समारोह रविवार, 20 सितंबर 2026 को सुबह 11.30 बजे ग्रैंड बैंक्वेट हॉल, दक्षिण एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास, वर्धा रोड, नागपुर में होगा।
इस समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी और महाराष्ट्र के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर प्रा. अनिल सोले के बहुआयामी कार्यों पर आधारित ‘अविरत कार्यरत : प्रा. अनिल सोले’ गौरवग्रंथ का भी मान्यवरों के हाथों प्रकाशन किया जाएगा। प्रा. अनिल सोले ने विद्यार्थी आंदोलन से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। शिक्षक, लोकप्रतिनिधि, महापौर, सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणप्रेमी के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई। नागपुर के विकास के साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जलसंधारण, वृक्षारोपण, शिक्षा, युवा सशक्तीकरण और सांस्कृतिक क्षेत्र में उन्होंने विभिन्न उपक्रमों के माध्यम से योगदान दिया।
नागपुर के महापौर के रूप में उनके कार्यकाल में जनभागीदारी के माध्यम से विकास को गति देने के साथ ‘हरित नागपुर’, स्वच्छता, स्वास्थ्य और नाग नदी के पुनर्जीवन जैसे विषयों को प्राथमिकता दी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में जलसंवर्धन और जलसंधारण के माध्यम से पानी की समस्या पर काम करने के साथ वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया गया। युवाओं को विचार, कौशल और नेतृत्व के लिए मंच देने के उद्देश्य से ‘यूथ एम्पावरमेंट समिट’ जैसे उपक्रम भी आयोजित किए गए। राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए भी साहित्य और कविता से उनका जुड़ाव कायम रहा है। यही वजह है कि उनके व्यक्तित्व में सामाजिक कार्यकर्ता के साथ-साथ एक संवेदनशील कवि और सांस्कृतिक व्यक्तित्व की झलक भी दिखाई देती है।
इस नागरिक सम्मान समारोह में सभी विधायक, भाजपा पदाधिकारी, विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, साहित्यकार, कलाकार, युवा तथा प्रा. सोले के सहकारी और हितचिंतक बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। प्रा. अनिल सोले के बहुआयामी कार्यों को सम्मानित करने के लिए आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित रहने का आह्वान प्रा. अनिलजी सोले मित्र परिवार के संयोजक गिरीश व्यास ने किया है। पत्रकार परिषद में विधायक संजय भेंडे, संयोजक एवं ज्येष्ठ नेता गिरीश व्यास, जयप्रकाश गुप्ता और डॉ. गौरीशंकर पाराशर उपस्थित थे।


