पुणे :
पुणे-नगर हाईवे पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और भविष्य की यातायात जरूरतों को देखते हुए पुणे-शिरूर डबल डेकर फ्लाईओवर परियोजना का काम जल्द शुरू करने की मांग पूर्व विधायक जगदीश मुळीक ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की है। विधानभवन में मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्होंने इस संबंध में विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा।
पुणे-नगर हाईवे राज्य के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। इस सड़क से रोजाना लाखों लोग, नौकरीपेशा कर्मचारी, विद्यार्थी, उद्योगों से जुड़े वाहन और मालवाहक ट्रक गुजरते हैं। लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण इस मार्ग पर आए दिन लंबा जाम लग रहा है, जिससे लोगों का समय बर्बाद होने के साथ उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जगदीश मुळीक ने अपने ज्ञापन में कहा कि पुणे-शिरूर डबल डेकर फ्लाईओवर परियोजना समय की जरूरत बन चुकी है। इस परियोजना के पूरा होने से यातायात तेज और सुगम होगा। लोगों के सफर का समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण में कमी आएगी और सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना से पुणे, वाघोली, लोणीकंद, शिक्रापुर और शिरूर क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक, कृषि और आवासीय विकास को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने का सकारात्मक आश्वासन दिया। उम्मीद जताई जा रही है कि परियोजना को मंजूरी और गति मिलने के बाद पुणे-नगर हाईवे की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और लाखों लोगों को राहत मिलेगी।


