नागपुर : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर नागपुर जिले में विधानसभा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम जारी है। इसी बीच जिले के 46 लाख 38 हजार 589 मतदाताओं में से 31 लाख 30 हजार 213 मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरकर और हस्ताक्षर के साथ प्राप्त हो चुके हैं। यह कुल मतदाताओं का 67.48 प्रतिशत है। प्रपत्र जमा करने की अंतिम तारीख 17 अगस्त 2026 तय की गई है।
प्रशासन के अनुसार, जिले में 10 लाख 81 हजार 214 मतदाता ऐसे हैं, जिनके गणना प्रपत्र अभी प्राप्त नहीं हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 4 लाख 48 हजार 223 मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके हैं। वहीं 2 लाख 99 हजार 647 मतदाता घर पर नहीं मिले या संपर्क में नहीं आ सके। इसके अलावा 2 लाख 25 हजार 627 मृत मतदाता और 1 लाख 4 हजार 447 अन्यत्र पंजीकृत या दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता शामिल हैं।
90.79 फीसदी मतदाताओं की जांच पूरी
जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के तहत अब तक 42 लाख 11 हजार 427 यानी 90.79 प्रतिशत मतदाताओं की सत्यापन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। हालांकि 4 लाख 27 हजार 162 मतदाताओं का सत्यापन अभी लंबित है। गणना प्रपत्र जमा नहीं करने वाले मतदाताओं की विधानसभा क्षेत्रवार सूची संबंधित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) को उपलब्ध कराई गई है। ये सूचियां जिलाधिकारी, नागपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर भी विधानसभा क्षेत्र के अनुसार प्रकाशित की गई हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूची में नाम वाले मतदाताओं के निवास के संबंध में संबंधित मतदाता या BLA, बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं। इसके बाद मौके पर सत्यापन कर 17 अगस्त तक गणना प्रपत्र भरवाया जा सकता है। इस संबंध में 12 अगस्त को हुई जिला स्तरीय बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पूरी जानकारी दी गई। साथ ही BLA को संबंधित सूचियों की जांच कर आवश्यक जानकारी BLO तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। अब अंतिम तारीख करीब है, ऐसे में जिन मतदाताओं का गणना प्रपत्र अभी जमा नहीं हुआ है, उनके लिए समय रहते प्रक्रिया पूरी करना बेहद जरूरी है।


