नागपुर : नागपुर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए कळमणा थाना क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 220 देशी शराब की बोतलें और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त किए गए माल की कुल कीमत करीब 99 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात एस्कॉर्ट टीम के प्रभारी एपीआई भगवान कोळी को गुप्त सूचना मिली थी कि गुलशन नगर स्थित शनि मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और निगरानी के दौरान आरोपी को शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 100 बोतलें देशी शराब बरामद हुईं। वहीं उसकी TVS जुपिटर की डिक्की से 120 और बोतलें मिलीं। पुलिस ने कुल 220 शराब की बोतलें और वाहन जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान केशव दशरथजी पोहणीकर (48) निवासी गुलशन नगर, शनि मंदिर के पास के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कळमणा पुलिस थाने में महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65(ई) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटील के मार्गदर्शन में गठित एस्कॉर्ट टीम ने की। पुलिस आयुक्त ने टीम के काम की सराहना करते हुए शहर के सभी व्यापारियों और प्रतिष्ठानों से निर्धारित समय पर दुकानें बंद करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।


