नागपुर. मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में घूमने गए नागपुर के एक शिक्षक की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। बंदर द्वारा छीने गए बैग को वापस लेने की कोशिश में शिक्षक का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरे। यह घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है। दुखद बात यह है कि हादसा उनके पिता की आंखों के सामने हुआ।
मृतक की पहचान 44 वर्षीय विजय नायक के रूप में हुई है। वह नागपुर के भगवाननगर इलाके के रहने वाले थे और रामदासपेठ स्थित सोमलवार स्कूल में शारीरिक शिक्षा शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वह स्कूल के करीब 20 विद्यार्थियों के समूह के साथ पचमढ़ी की शैक्षणिक यात्रा पर गए थे। इस दौरान उनके पिता हरिदास नायक भी उनके साथ मौजूद थे।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह विजय नायक प्रियदर्शिनी व्यू पॉइंट पर तस्वीरें खींच रहे थे। इसी दौरान एक बंदर ने उनका बैग छीनने की कोशिश की। अपना बैग वापस लेने के लिए विजय आगे बढ़े, लेकिन इस दौरान वह सुरक्षा दीवार के पार चले गए और अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह करीब 150 फीट गहरी खाई में गिर गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। हालांकि, घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं।
पुलिसकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए करीब तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। इसके बाद बचाव दल ने तलाशी अभियान शुरू किया। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद स्ट्रेचर की मदद से विजय नायक का शव खाई से बाहर निकाला गया।
इस हादसे से नागपुर में उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, उनके साथ पचमढ़ी घूमने गए विद्यार्थी और शिक्षक भी इस घटना से सदमे में हैं।


