धनतेरस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान धन्वंतरि को नमन करते हुए सभी के सुख, शांति और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा कर कामना की कि भगवान धन्वंतरि की कृपा हर व्यक्ति और परिवार पर बनी रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि भगवान धन्वंतरि की दिव्य कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से रोशन रहे। हर परिवार में उमंग और आनंद का दीप हमेशा प्रज्वलित रहे। उनके इस संदेश में धनतेरस के धार्मिक महत्व के साथ ही स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना भी झलकती है।
पीएम मोदी ने साझा किया संस्कृत श्लोक
प्रधानमंत्री ने शुभकामना संदेश के साथ भगवान धन्वंतरि को समर्पित एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया।
‘नमामि धन्वन्तरिमादिदेवं सुरासुरैर्वन्दितपादपद्मम्। लोके जरारुग्भयमृत्युनाशं दातारमीशं विविधौषधीनाम्॥’
इस श्लोक का अर्थ है कि मैं आदिदेव भगवान धन्वंतरि को नमन करता हूं, जिनके चरणों की वंदना देवता और असुर दोनों करते हैं। वे संसार में बुढ़ापे, रोग, भय और मृत्यु के कष्टों को दूर करने वाले तथा विभिन्न औषधियों के दाता हैं।
धनतेरस पर क्यों होती है भगवान धन्वंतरि की पूजा?
धनतेरस का संबंध केवल धन और समृद्धि से ही नहीं, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य और आरोग्य से भी है। इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा करने की विशेष परंपरा है। उन्हें आयुर्वेद और चिकित्सा का देवता माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, समुद्र मंथन के दौरान कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसी वजह से धनतेरस को धन्वंतरि जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। इस दिन लोग अपने परिवार की सुख-समृद्धि के साथ बेहतर स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करते हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का संदेश भी धनतेरस के इसी भाव को दर्शाता है कि त्योहार की असली खुशी तभी है, जब हर घर में सुख, शांति और स्वास्थ्य बना रहे।


