पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के चाहने वालों के लिए बड़ी खबर है। दिलजीत ने अपने बहुप्रतीक्षित ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की घोषणा कर दी है। इस दौरे के दौरान वह देश के 7 शहरों में लाइव परफॉर्म करेंगे। नवंबर और दिसंबर में होने वाले इन कॉन्सर्ट को लेकर उनके प्रशंसकों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है। कुछ महीने पहले लंदन के वेम्बली स्टेडियम में परफॉर्म करते हुए दिलजीत ने अहमदाबाद में कार्यक्रम करने की घोषणा की थी। अब उन्होंने पूरे भारत दौरे का ऐलान कर दिया है। यानी दिलजीत के गानों पर लाइव झूमने का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए अब तारीखें भी सामने आ गई हैं।
कहां और कब होगा कॉन्सर्ट?
‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की शुरुआत 1 नवंबर को दिल्ली-NCR से होगी। इसके बाद 15 नवंबर को इंदौर, 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई, 29 नवंबर को बेंगलुरु और 5 दिसंबर को लखनऊ में दिलजीत दोसांझ लाइव परफॉर्म करेंगे। इस दौरे में चंडीगढ़ को भी शामिल किया गया है। हालांकि, चंडीगढ़ में कॉन्सर्ट की तारीख और बाकी जानकारी बाद में जारी की जाएगी।
टिकट बुकिंग कब शुरू होगी?
दिलजीत दोसांझ के ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ की टिकटें BookMyShow पर उपलब्ध होंगी। टिकटों की सीमित प्री-सेल 6 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे शुरू होगी। ऐसे में दिलजीत को लाइव देखने का सपना देख रहे प्रशंसकों के लिए टिकट बुकिंग का समय खास होने वाला है। दिल्ली से शुरू होकर देश के अलग-अलग शहरों तक पहुंचने वाला यह संगीत सफर दिलजीत के प्रशंसकों के लिए खास होने वाला है। अब सभी की नजरें टिकटों की बिक्री शुरू होने पर टिकी हैं।


