बेंगलुरु : कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। बेंगलुरु के लोकभवन में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। संविधान की प्रति हाथ में लेकर शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।
उनके साथ 13 नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता जी. परमेश्वर को उपमुख्यमंत्री बनाया है।शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर डीके शिवकुमार को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं हैं और केंद्र सरकार कर्नाटक के लोगों के कल्याण तथा राज्य के विकास के लिए राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करती रहेगी।


