नागपुर : 12 दिनों तक मनोभाव से गणराय की सेवा करने के बाद शुक्रवार को महसूल मंत्री तथा नागपुर और अमरावती जिले के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुळे के कोराडी स्थित निवास पर विराजमान गणपति बप्पा का कोराडी तालाब में भावपूर्ण विसर्जन किया गया। बप्पा को विदाई देते समय बावनकुळे ने महाराष्ट्र को सूखे जैसी स्थिति से बाहर निकालने और किसानों व आम नागरिकों को सुखी रखने की प्रार्थना की।
विसर्जन के बाद मीडिया से बातचीत में बावनकुळे ने कहा कि गणपति बप्पा विघ्नहर्ता हैं। महाराष्ट्र इस समय सूखे जैसी परिस्थिति से गुजर रहा है। उन्होंने बप्पा के चरणों में प्रार्थना की कि राज्य को इस संकट से बाहर निकालें, किसानों को मजबूती दें और महाराष्ट्र को सुखी एवं समृद्ध बनाएं।
किसानों के साथ खड़ी है सरकार
बावनकुळे ने कहा कि सूखे जैसी स्थिति में राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्राताई पवार और मंत्रिमंडल के अन्य सहयोगी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन के माध्यम से भी हर स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को इस संकट से बाहर निकालने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। किसी भी पात्र किसान को सहायता से वंचित न रहना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
जिलावार स्थिति की हो रही समीक्षा
सूखे जैसी स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मार्गदर्शन में बावनकुळे की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की उपसमिति गठित की गई है। समिति की बैठकें लगातार हो रही हैं। जिलावार स्थिति की समीक्षा करने के बाद आवश्यक उपायों को लेकर निर्णय लिए जा रहे हैं। बावनकुळे ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जल्द ही इस संबंध में शासन निर्णय (जीआर) जारी करने वाले हैं। इसके बाद किसानों को आवश्यक सहायता देने की प्रक्रिया में तेजी आने की बात उन्होंने कही।
‘किसानों को अकेला नहीं छोड़ेंगे’
बावनकुळे ने कहा कि इस संकट की घड़ी में सरकार किसानों को अकेला नहीं छोड़ेगी। पंचनामे, क्षेत्र की स्थिति और प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर पात्र किसानों तक सहायता पहुंचाई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पात्र किसान को मदद से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। वहीं, सूखे जैसी स्थिति को लेकर विपक्ष की ओर से किए जा रहे राजनीतिक आरोपों पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे संकट के समय सूखे को लेकर राजनीति करने के बजाय सभी को किसानों के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
12 दिनों के गणेशोत्सव के बाद बप्पा को विदाई देते समय बावनकुळे ने महाराष्ट्र के किसानों, आम नागरिकों और पूरे राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि गणपति बप्पा महाराष्ट्र को इस संकट से बाहर निकालें और राज्य फिर से सुखी, समृद्ध और संपन्न बने।


