भागलपुर : बिहार के भागलपुर जिले में बुधवार को गंगा नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। खरिक प्रखंड की राघोपुर पंचायत के पास 18 मजदूरों को लेकर जा रही नाव अचानक तेज बहाव के बीच पलट गई। हादसे के बाद 6 मजदूरों के लापता होने की प्राथमिक जानकारी सामने आई है, जबकि 12 मजदूर किसी तरह तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंचने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार, ये मजदूर नदी किनारे चल रहे बाढ़ सुरक्षा और कटाव रोधी कार्य के लिए जा रहे थे। गंगा में पिछले कुछ दिनों से पानी का स्तर बढ़ने के साथ ही धारा का वेग भी तेज हुआ है। इसी दौरान नदी के बीच नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
नाव पलटते ही मची अफरा-तफरी
नाव के अचानक पलटते ही मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई मजदूरों ने नदी में छलांग लगा दी। 12 मजदूर तैरते हुए किसी तरह किनारे तक पहुंच गए, लेकिन तेज बहाव के कारण छह मजदूरों का कोई पता नहीं चल सका। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। SDRF की टीम मोटरबोट और लाइफ जैकेट के साथ लापता मजदूरों की तलाश में जुटी है। तेज बहाव को देखते हुए बचाव अभियान में विशेष सावधानी बरती जा रही है।
कटाव रोधी काम के लिए जा रहे थे मजदूर
बताया जा रहा है कि गंगा के किनारे तटबंध पर कटाव रोकने का काम चल रहा है। इसी काम के लिए मजदूरों और निर्माण सामग्री को नाव के जरिए नदी के दूसरे हिस्से में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान तेज धारा के कारण नाव नियंत्रण से बाहर हो गई। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता छह मजदूरों को सुरक्षित तलाशना है। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।


