मुंबई : बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया। अभिनेत्री अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली ने मंगलवार रात मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि हार्ट अटैक के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, कुकू कोहली को अचानक दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी एंजियोप्लास्टी भी की गई थी और इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हो रहा था। हालांकि, इसी दौरान उन्हें दोबारा तेज हार्ट अटैक आया और उनका निधन हो गया।
अचानक बिगड़ी तबीयत
निर्देशक और निर्माता अशोक पंडित ने कुकू कोहली की तबीयत को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें पहले से कोई बीमारी नहीं थी और वह बिल्कुल ठीक थे। अचानक हार्ट अटैक आने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। कुकू कोहली के इस तरह अचानक चले जाने से उनके परिवार, दोस्तों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को गहरा सदमा लगा है।
‘फूल और कांटे’ ने दिलाई खास पहचान
कुकू कोहली ने कई दशकों तक बॉलीवुड में काम किया और दर्शकों को यादगार फिल्में दीं। साल 1991 में रिलीज हुई ‘फूल और कांटे’ ने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में खास पहचान दिलाई। इस फिल्म ने अभिनेता अजय देवगन को भी बॉलीवुड में एक मजबूत शुरुआत दी थी। इसके अलावा कुकू कोहली ने ‘सुहाग’, ‘कोहराम’, ‘अनाड़ी नंबर वन’, ‘हकीकत’, ‘जुल्मी’ और ‘ये दिल आशिकाना’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। साल 2004 में रिलीज हुई ‘वो तेरा नाम था’ उनकी आखिरी फिल्म मानी जाती है।
अरुणा ईरानी के साथ 1990 में की थी शादी
कुकू कोहली की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने पहली शादी रीटा कोहली से की थी। दोनों की दो बेटियां पूजा और करिश्मा हैं। इसके बाद साल 1990 में उन्होंने अभिनेत्री अरुणा ईरानी से शादी की थी। कुकू कोहली के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिल्म इंडस्ट्री में अपने काम और फिल्मों के जरिए खास पहचान बनाने वाले कुकू कोहली का यूं अचानक चले जाना उनके चाहने वालों के लिए बेहद दुखद है। उनके निधन से बॉलीवुड ने एक अनुभवी और प्रतिभाशाली फिल्ममेकर खो दिया है।


