एशियन गेम्स 2026 शुरू होने से पहले ही भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। अनुभवी स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। खास बात यह है कि हाल ही में उन्होंने चोट से उबरकर टीम में वापसी की थी, लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी-20 मैच में उनकी परेशानी एक बार फिर सामने आ गई।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। सीरीज का तीसरा मुकाबला गुरुवार को खेला जाना है। इसके बाद भारतीय टीम एशियन गेम्स के लिए जापान रवाना होगी। भारत को इस टूर्नामेंट में सीधे क्वार्टर फाइनल में उतरना है और टीम का लक्ष्य अपने गोल्ड मेडल को बरकरार रखना है। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही वरुण के बाहर होने से टीम के प्लान को झटका लगा है।
4 ओवर में 16 रन और 1 विकेट, फिर बढ़ी परेशानी
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी की थी। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 16 रन देकर 1 विकेट हासिल किया था। भारत ने यह मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया। हालांकि, तीसरा ओवर डालते समय वरुण को पेट के बाईं तरफ अचानक असहजता महसूस हुई। इसके बाद हुए स्कैन में उनके पेट की मांसपेशियों में चोट सामने आई। इसी वजह से उन्हें सीरीज के बाकी दो टी-20 मुकाबलों से बाहर होना पड़ा। अब यह चोट इतनी गंभीर है कि वरुण एशियन गेम्स में भी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
चोट से वापसी के बाद फिर लगा झटका
वरुण इससे पहले जुलाई में इंग्लैंड दौरे के दौरान ग्रेड-2 हैमस्ट्रिंग चोट से परेशान हुए थे। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन किया और फिर तमिलनाडु प्रीमियर लीग के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की थी। चोट से पूरी तरह उबरने के बाद टीम में लौटे वरुण का एक बार फिर चोटिल होना उनके लिए भी बड़ा झटका है। वहीं, एशियन गेम्स से ठीक पहले उनके बाहर होने से भारतीय टीम के गेंदबाजी संयोजन में भी बदलाव करना पड़ेगा।
रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं
बीसीसीआई ने वरुण चक्रवर्ती के स्थान पर अभी किसी रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है। भारतीय टीम में रवि बिश्नोई और वॉशिंगटन सुंदर के रूप में दो विशेषज्ञ स्पिनर मौजूद हैं, जबकि अक्षर पटेल भी टीम का हिस्सा हैं।
एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम:
श्रेयस अय्यर, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी और यश ठाकुर।


