नागपुर : महाराष्ट्र नवनिर्माण वाहतूक सेना की ओर से उबर और रैपिडो की कथित नियमबाह्य बाइक टैक्सी सेवाओं के विरोध में 23 जून को भव्य एल्गार मोर्चा निकाला जाएगा। संगठन का आरोप है कि महाराष्ट्र सरकार द्वारा बाइक टैक्सी सेवा पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद ये कंपनियां बिना वैध अनुमति के दोपहिया वाहनों के माध्यम से यात्री परिवहन का काम कर रही हैं।
महाराष्ट्र नवनिर्माण वाहतूक सेना का कहना है कि इस प्रकार की अनधिकृत यात्री वाहतूक से नियमों का उल्लंघन हो रहा है और पारंपरिक परिवहन व्यवसाय से जुड़े हजारों वाहन चालक प्रभावित हो रहे हैं। संगठन का मानना है कि सरकार को इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए ऐसी सेवाओं पर तत्काल रोक लगानी चाहिए। इसी मांग को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण वाहतूक सेना ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है। संगठन के राज्य उपाध्यक्ष कदीर महाजन के अनुसार, मोर्चे के माध्यम से शासन और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया जाएगा। साथ ही अनधिकृत यात्री परिवहन पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग भी की जाएगी।
यह एल्गार मोर्चा 23 जून को सुबह 11:30 बजे संविधान चौक से शुरू होगा और जिलाधिकारी कार्यालय तक जाएगा। मोर्चे में बड़ी संख्या में वाहन चालक, मनसे पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होने की संभावना है। संगठन ने संबंधित विभागों से उबर और रैपिडो की बाइक टैक्सी सेवाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। महाराष्ट्र नवनिर्माण वाहतूक सेना ने इस आंदोलन को जनहित और परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों के अधिकारों की लड़ाई बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है। संगठन का कहना है कि जब तक नियमबाह्य यात्री परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


