उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन में शाही मस्जिद के एक हिस्से को सड़क चौड़ीकरण के लिए हटाने का काम मंगलवार को भी जारी रहेगा। मस्जिद कमेटी से जुड़े नुमाइंदा कमेटी के सदस्य फहीम सिकंदर ने कहा कि मुस्लिम समाज सड़क चौड़ीकरण की इस योजना का सम्मान करता है और प्रभावित हिस्से को हटाने में प्रशासन के साथ सहयोग कर रहा है। यह सड़क चौड़ीकरण सिंहस्थ कुंभ मेला 2028 की तैयारियों से जुड़ा है।
फहीम सिकंदर के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन, शहर काजी और मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद काम को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। उनका कहना है कि समाज की ओर से प्रशासन के साथ मिलकर मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, रविवार रात तक मस्जिद के हिस्से को हटाने को लेकर बनी सहमति की जानकारी सभी संबंधित लोगों तक नहीं पहुंच पाई थी। इसके बाद सोमवार को इलाके में तनाव की स्थिति बनी और पथराव की घटना भी सामने आई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की।
अब बातचीत के बाद एक बार फिर काम को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाने की कोशिश है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। उज्जैन में सिंहस्थ 2028 को देखते हुए सड़क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई विकास कार्य चल रहे हैं। फिलहाल शाही मस्जिद के पूरे ढांचे को हटाने की बात नहीं है, बल्कि सड़क चौड़ीकरण की योजना से प्रभावित हिस्से को हटाने की प्रक्रिया चल रही है।


