बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। लंदन में देर रात आर्यन खान को एक मिस्ट्री गर्ल के साथ स्पॉट किया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।वायरल वीडियो में आर्यन खान लंदन के एक कैसीनो के बाहर नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह वहां मौजूद कुछ फैंस के साथ सेल्फी लेते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान उनके साथ एक लड़की भी नजर आती है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि आर्यन के साथ नजर आने वाली यह लड़की डेनमार्क की म्यूजिक आर्टिस्ट विनी टकैयर हैं। वीडियो सामने आने के बाद दोनों के डेटिंग करने की खबरों ने जोर पकड़ लिया है। हालांकि, आर्यन या विनी की ओर से इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कौन हैं विनी टकैयर?
विनी टकैयर डेनमार्क की रहने वाली एक म्यूजिक आर्टिस्ट हैं। वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। विनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लंदन ट्रिप की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, हालांकि इन तस्वीरों में आर्यन खान नजर नहीं आ रहे हैं। दोनों एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं। विनी मुंबई में भी कई म्यूजिक शोज कर चुकी हैं और उनकी सोशल मीडिया पर अच्छी फैन फॉलोइंग है।
पहले भी डेटिंग को लेकर चर्चा में रहे हैं आर्यन
यह पहली बार नहीं है जब आर्यन खान की डेटिंग लाइफ चर्चा में आई है। इससे पहले उनका नाम ब्राजीलियन मॉडल और अभिनेत्री लारिसा बोनेसी के साथ भी जोड़ा गया था। हालांकि, उस समय भी दोनों की ओर से रिश्ते को लेकर कोई पुष्टि नहीं की गई थी। फिलहाल लंदन से सामने आए इस वीडियो ने एक बार फिर आर्यन खान की निजी जिंदगी को सुर्खियों में ला दिया है। अब फैंस को इंतजार है कि क्या आर्यन और विनी इस रिश्ते को लेकर कोई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं।


