नागपुर : मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अशोक सराफ के 80वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर नागपुर में उनका भव्य नागरिक सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों अशोक सराफ का सम्मान हुआ। इस मौके पर 80 दीपों से उनका औक्षण कर उनके लंबे और शानदार फिल्मी सफर को सलाम किया गया।
सिविल लाइंस स्थित डॉ. वसंतराव देशपांडे सभागृह में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अशोक सराफ के अभिनय की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सराफ ने अपने सहज और स्वाभाविक अभिनय से मराठी फिल्म जगत को नई दिशा दी है। हास्य भूमिकाओं के साथ-साथ गंभीर किरदारों को भी उन्होंने उतनी ही मजबूती से निभाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक सराफ के अभिनय की सबसे बड़ी खासियत उनकी सहजता और स्वाभाविकता है। ‘धुमधडाका’ और ‘बनवाबनवी’ जैसी फिल्मों में उनके किरदार आज भी दर्शकों के जेहन में बसे हैं। उनकी संवाद अदायगी, कॉमिक टाइमिंग और बॉडी लैंग्वेज ने हर किरदार को यादगार बना दिया। सराफ ने रंगमंच, फिल्मों और टेलीविजन तीनों माध्यमों में लंबे समय तक काम किया और अलग-अलग पीढ़ियों के दर्शकों के दिल में अपनी जगह बनाई। फडणवीस ने कहा कि उनकी लोकप्रियता सिर्फ हास्य भूमिकाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि विविध और गंभीर भूमिकाओं में भी उन्होंने अपनी अभिनय क्षमता साबित की है।
मुख्यमंत्री ने अशोक सराफ को एक बेहतरीन कलाकार के साथ-साथ संवेदनशील इंसान भी बताया। उन्होंने कहा कि उनके जैसे कलाकार का सम्मान करना नागपुर और विदर्भ के लिए गर्व का क्षण है। पद्मश्री से सम्मानित अशोक सराफ के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है और यह पूरे मराठी कला जगत के लिए गौरव की बात है। समारोह में नागपुर और विदर्भ के बड़ी संख्या में प्रशंसक मौजूद रहे। अपने पसंदीदा कलाकार के सम्मान में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अशोक सराफ की लोकप्रियता आज भी उतनी ही मजबूत है। इस अवसर पर पूर्व महापौर संदीप जोशी, महापौर नीता ठाकरे, उपमहापौर लीलाताई हाथीबेड, स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानी वखरे दाणी, सत्तापक्ष नेता नरेंद्र बोरकर, विपक्ष के नेता संजय महाकालकर, महानगरपालिका आयुक्त विपिन इटनकर, डॉ. गिरीश गांधी सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


