नांदुरा : बुलढाणा जिले के नांदुरा रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया गया है। करीब 10.63 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाया गया है। जल्द ही इस पुनर्विकसित स्टेशन को राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।हावड़ा–नागपुर–मुंबई रेल मार्ग पर स्थित नांदुरा स्टेशन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र माना जाता है। यहां से रोजाना करीब 4,500 से अधिक यात्री सफर करते हैं और 26 ट्रेनें संचालित होती हैं।
पुनर्विकास के तहत स्टेशन पर नया बुकिंग कार्यालय, चार टिकट काउंटर, विशाल प्रतीक्षालय, वातानुकूलित वेटिंग रूम और पुरुष, महिला व दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग शौचालय बनाए गए हैं। स्टेशन के प्रवेश और निकास मार्ग को चौड़ा किया गया है तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है। प्लेटफॉर्म पर नए शेल्टर, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, टिकाऊ फर्नीचर और आधुनिक साइनेज लगाए गए हैं। दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए टैक्टाइल पाथवे, कम ऊंचाई वाले काउंटर और विशेष शौचालय भी तैयार किए गए हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन सुविधाओं से यात्रियों को अधिक आरामदायक यात्रा अनुभव मिलेगा। भीड़भाड़ कम होगी, स्वच्छता में सुधार होगा और वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांग यात्रियों को स्टेशन पर आसानी से आवाजाही करने में मदद मिलेगी। नांदुरा अपनी 105 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा, कृषि मंडी और खावा उत्पादन के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। स्टेशन के आधुनिकीकरण से क्षेत्रीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


