अमरावती : अमरावती जिले के चांदूरबाजार-अमरावती मार्ग पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बोराला गांव के पास तेज रफ्तार कार ने दो मोटरसाइकिलों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान 50 वर्षीय मुरसलीन खान निसार खान निवासी रिद्धपुर के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में मोहम्मद आरिफ मोहम्मद रफीक (38) और सैयद वसीम सैयद हाफिज (35) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, मुरसलीन खान अपनी बाइक से अमरावती जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक का ईंधन खत्म हो गया, जिसके बाद उन्होंने चांदूरबाजार लौटने का फैसला किया। इसी दौरान उन्होंने परिचितों से लिफ्ट ली और दोनों बाइक सवार साथ-साथ यात्रा कर रहे थे। इसी बीच चांदूरबाजार से अमरावती की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर दोनों मोटरसाइकिलों से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें मुरसलीन खान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, कार चालक ऋतिक शेषराव लसनकर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने कार चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराजगी जताई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।


