होर्मुज सामुद्रधुनी : मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान द्वारा UAE के दो तेल टैंकरों पर किए गए मिसाइल हमले ने पूरे खाड़ी क्षेत्र की चिंता बढ़ा दी है। होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी मार्ग में हुए इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 6 भारतीय और 2 यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं।
UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ईरान ने ‘मोम्बासा’ और ‘बाहिया’ नामक टैंकरों को निशाना बनाया। हमले के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई थी, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों का इलाज जारी है। इस घटना के बाद UAE ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन है और देश को अपनी सुरक्षा तथा राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का पूरा अधिकार है।
UAE सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी सशस्त्र सेनाएं हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बताया जा रहा है कि इस हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों पर बमबारी की, जबकि ईरान ने जवाबी कार्रवाई में कुवैत स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइलें दागीं। इससे पूरे क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बनने की आशंका बढ़ गई है।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में से एक माना जाता है। यहां बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर भी पड़ सकता है। भारतीय कर्मचारी की मौत की खबर से जहाज पर काम करने वाले अन्य भारतीयों के परिवारों में भी चिंता का माहौल है।

