अगर आप भी परिवार या दोस्तों के साथ होटल-रेस्टोरेंट में खाना खाने का प्लान बनाते हैं, तो अब आपको अपने बजट का थोड़ा ज्यादा ध्यान रखना पड़ सकता है। मुंबई के होटल और रेस्टोरेंट में खाने-पीने की चीजें महंगी होने की संभावना है। इंडियन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (AHAR) के मुताबिक, बढ़ते व्यावसायिक खर्च के कारण मेन्यू की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले कुछ हफ्तों में ग्राहकों को नाश्ते से लेकर लंच और डिनर तक के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं।
आखिर क्यों बढ़ सकते हैं खाने के दाम?
रेस्टोरेंट में खाना तैयार करने से लेकर ग्राहकों तक पहुंचाने तक कई तरह के खर्च होते हैं। पिछले कुछ समय से कमर्शियल गैस, सब्जियों, किराना सामान और अन्य खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ ही किराया, बिजली बिल, परिवहन और कर्मचारियों के वेतन का खर्च भी बढ़ा है। ऐसे में रेस्टोरेंट संचालकों के लिए पुराने दामों पर कारोबार चलाना मुश्किल होता जा रहा है। बढ़ते खर्च का असर अब खाने की कीमतों पर भी पड़ सकता है। यदि मेन्यू के दाम बढ़ते हैं, तो इसका सीधा असर उन लोगों के मासिक बजट पर पड़ेगा, जो अक्सर बाहर खाना पसंद करते हैं।
दर्जेदार खाना और अच्छी सेवा के लिए बढ़ेंगे दाम?
इंडियन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (AHAR) के अध्यक्ष विजय शेट्टी ने बढ़ते खर्च को देखते हुए कीमतों में बढ़ोतरी की जरूरत बताई है। रेस्टोरेंट में ग्राहकों को अच्छा खाना, साफ-सफाई और बेहतर सेवा देने के लिए भी खर्च करना पड़ता है। ऐसे में जब कारोबार की लागत लगातार बढ़ रही है, तो पुराने दामों पर इन सुविधाओं को बनाए रखना संचालकों के लिए चुनौती बन रहा है।
हर रेस्टोरेंट में एक जैसी नहीं होगी बढ़ोतरी
ध्यान देने वाली बात यह है कि 10 से 15 प्रतिशत की संभावित बढ़ोतरी सभी रेस्टोरेंट में एक साथ या एक समान लागू होना जरूरी नहीं है। हर रेस्टोरेंट अपने खर्च और आर्थिक स्थिति के हिसाब से कीमतें बढ़ाने का फैसला ले सकता है। अगर यह बढ़ोतरी लागू होती है, तो बाहर नाश्ता करने, दोपहर का खाना खाने या रात के डिनर पर जाने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं। यानी दोस्तों के साथ अचानक बना खाने का प्लान हो या परिवार के साथ बाहर डिनर, अब बिल का हिसाब थोड़ा बदल सकता है। फिलहाल ग्राहकों को संभावित कीमतों में बढ़ोतरी पर नजर रखनी होगी। आने वाले हफ्तों में रेस्टोरेंट अपने मेन्यू के दामों में क्या बदलाव करते हैं, यह देखना अहम होगा।


