अब रसोई गैस लेने के लिए पारंपरिक LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं रहेगा। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने मिलकर एक नई सेवा शुरू की है, जिसके तहत ग्राहक सिर्फ ऐप से ऑर्डर देकर 10 मिनट में LPG सिलेंडर घर मंगा सकेंगे। कंपनी ने बताया कि इस सेवा में नया ‘HP Navya’ 10 किलो कंपोजिट LPG सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ 5 किलो का मेटल LPG सिलेंडर भी ऑर्डर किया जा सकेगा। फिलहाल यह सुविधा सबसे पहले बेंगलुरु में शुरू की गई है।
यह सेवा खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी मानी जा रही है, जिनके पास अभी तक घरेलू गैस कनेक्शन नहीं है। जैसे छात्र, नौकरी के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले लोग, छोटे परिवार और ऐसे घर जहां अतिरिक्त सिलेंडर की जरूरत पड़ती है। पहली बार ऑर्डर करने पर ग्राहक को नया सिलेंडर दिया जाएगा। इसके लिए पहचान पत्र और डिलीवरी वेरिफिकेशन जरूरी होगा। बाद में रिफिल लेते समय खाली HPCL सिलेंडर लौटाना होगा। HPCL का ‘HP Navya’ सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का और गंजरोधक है। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण गैस का स्तर आसानी से देखा जा सकता है। यही वजह है कि इसे फ्लैट और छोटे घरों के लिए अधिक सुविधाजनक माना जा रहा है।
ऑर्डर करने के लिए ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप में लॉग इन करके 10 किलो कंपोजिट या 5 किलो मेटल LPG सिलेंडर चुन सकते हैं। सिलेंडर को कार्ट में जोड़ने के बाद ऑर्डर कन्फर्म करना होगा। पहली बार खरीदने वालों के लिए KYC और पहचान सत्यापन आवश्यक रहेगा। इंस्टामार्ट के CEO अमितेश झा ने कहा कि कंपनी अब किराना डिलीवरी से आगे बढ़कर रोजमर्रा की जरूरी सेवाओं में भी कदम रख रही है। वहीं HPCL के मार्केटिंग डायरेक्टर अमित गर्ग के अनुसार, इस साझेदारी से LPG को डिजिटल माध्यम से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना आसान होगा। फिलहाल यह सुविधा केवल बेंगलुरु में शुरू हुई है। हालांकि कंपनियों ने संकेत दिया है कि भविष्य में इसे अन्य शहरों तक भी बढ़ाया जा सकता है, लेकिन इसकी आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।


