नई दिल्ली : केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। महंगाई भत्ता (DA) बढ़ने की संभावना फिर से मजबूत होती दिखाई दे रही है। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के लेबर ब्यूरो द्वारा जारी AICPI-IW (ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स फॉर इंडस्ट्रियल वर्कर्स) के ताजा आंकड़ों के बाद यह अनुमान लगाया जा रहा है कि जुलाई 2026 के लिए महंगाई भत्ते में करीब 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की संभावना बन रही है। यदि ऐसा होता है तो केंद्रीय कर्मचारियों का DA 60% से बढ़कर 63% तक पहुंच सकता है।
लेबर ब्यूरो के अनुसार, मई 2026 में AICPI-IW सूचकांक में 0.9 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है। इससे पहले अप्रैल में भी सूचकांक में 0.8 अंकों की बढ़ोतरी हुई थी और यह 149.90 पर पहुंच गया था। फरवरी में यह 148.50 और जनवरी में 148.60 था। महंगाई भत्ता तय करने में इसी सूचकांक को सबसे महत्वपूर्ण आधार माना जाता है, इसलिए मई के आंकड़ों के बाद कर्मचारियों के बीच DA बढ़ने की उम्मीद और मजबूत हो गई है। सातवें वेतन आयोग के फार्मूले के अनुसार उपलब्ध आंकड़ों की गणना करने पर DA में लगभग 3.72 प्रतिशत की वृद्धि का संकेत मिल रहा है। हालांकि सरकार आमतौर पर महंगाई भत्ते को पूर्णांक में घोषित करती है, इसलिए 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की संभावना अधिक मानी जा रही है। यदि यह फैसला होता है तो केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को सीधे तौर पर वेतन और पेंशन में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।
केंद्र सरकार ने जनवरी 2026 से प्रभावी महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि की थी। उस समय DA 58% से बढ़ाकर 60% किया गया था। अब संभावित 3% बढ़ोतरी के बाद यह 63% तक पहुंच सकता है। आठवें वेतन आयोग को लेकर चर्चाएं पहले से ही जारी हैं। ऐसे में लाखों केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स की नजर अब महंगाई भत्ते में होने वाली संभावित बढ़ोतरी पर टिकी हुई है। आने वाले समय में जारी होने वाले अंतिम AICPI-IW आंकड़े और केंद्र सरकार का निर्णय ही यह तय करेगा कि कर्मचारियों को कितनी राहत मिलती है।


