संभाजीनगर : छत्रपति संभाजीनगर जिले के फुलंब्री में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिद्धेश्वर दूध डेअरी पर छापा मारा। इस दौरान करीब 3,500 लीटर संदिग्ध दूध और दूध पाउडर जब्त किया गया। वहीं, लगभग 1.32 लाख रुपये कीमत का संदिग्ध दूध मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि सिद्धेश्वर डेअरी से दूध फुलंब्री स्थित शिवकृपा डेअरी को भेजा जा रहा था। इसके बाद FDA की टीम ने शिवकृपा डेअरी की भी जांच की, जहां कई गंभीर अनियमितताएं मिलने पर दोनों डेयरियों को तत्काल सील कर दिया गया। प्राथमिक जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि शिवकृपा डेअरी से दूध मराठवाड़ा मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी (केयर ऑफ एम/एस सोनाई डेअरी, इंदापुर) तथा गुजरात के पंचमहल दूध उत्पादक सहकारी संघ को भेजा जाता था। फिलहाल जांच एजेंसियां इस पूरे सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
इस मामले में फुलंब्री पुलिस थाने में संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। FDA और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे प्रकरण की जांच कर रही है, ताकि मिलावटी दूध के इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान की जा सके। यह कार्रवाई सह आयुक्त एस. आर. करकले और सहायक आयुक्त दयानंद पाटील के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रशांत अजिंठेकर, फरीद सिद्दीकी और प्रज्ञा सुरसे की टीम ने की।


