नागपुर : नागपुर के धंतोली इलाके से पिछले कई दिनों से लापता चल रहा जितेंद्र परसवानी का परिवार आखिरकार पुणे में सुरक्षित मिल गया है। परिवार के पांचों सदस्य मिलने के बाद पुलिस और परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस पूछताछ में परिवार ने बताया कि वे अपनी मर्जी से नागपुर छोड़कर गए थे।
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र परसवानी अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ 24 जून को अचानक घर से निकल गए थे। इसके बाद उनका किसी से भी संपर्क नहीं हो पाया। काफी तलाश के बाद परिजनों ने धंतोली पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान मोबाइल की आखिरी लोकेशन पुणे मिलने पर पुलिस ने वहां तलाश शुरू की। आखिरकार परिवार पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में सुरक्षित मिल गया। धंतोली पुलिस ने सभी सदस्यों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने बताया कि वे अपनी इच्छा से नागपुर छोड़कर गए थे।
परिवार के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में चिंता का माहौल बन गया था। इस बीच परिवार के एक सदस्य पर कर्ज होने की चर्चा भी सामने आई थी, हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल परिवार सुरक्षित है और मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


