नागपुर : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति पर्व के अवसर पर जरीपटका स्थित महात्मा गांधी हाईस्कूल में भव्य युवती सम्मेलन का आयोजन किया गया। लगभग 800 युवतियों, महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति में आयोजित इस सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास और राष्ट्र निर्माण में युवतियों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. भारती पवार ने महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित में युवतियों की भागीदारी पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए युवतियों से समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रो. अनिल सोले ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने युवतियों से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आत्मसात करते हुए सामाजिक और राष्ट्रीय दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में प्रमिला मथरानी, प्रगति पाटिल, दिव्या धुरडे, मोहिनी रामटेक, वंदना शर्मा, विशाखा जोशी, स्वाती आखतकर, सुषमा चौधरी, अनीता काशीकर, प्रशंसा भोयर, डिंपी बजाज, शिल्पा पोहाने, कृतिका आमले सहित महिला जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।भाजपा महिला मोर्चा की पालक प्रगति पाटिल और शहराध्यक्ष दिव्या धुरडे के मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व विकास और राष्ट्रहित में युवतियों की सक्रिय भागीदारी जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित युवतियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर इसे सफल बनाया। राष्ट्रभक्ति, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व का प्रभावी संदेश देने वाला यह सम्मेलन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


