मुंबई : महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सामने आई दर्दनाक घटनाओं को लेकर विधानसभा में विपक्ष ने राज्य सरकार को घेरा। कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने मुंबई सहित राज्यभर में बारिश के कारण हुई दुर्घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
विधानसभा में मुद्दा उठाते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि मुंबई में पिछले दो दिनों के दौरान मैनहोल में गिरने, पेड़ गिरने और मानखुर्द इलाके में इमारत ढहने जैसी घटनाओं में 12 लोगों की जान चली गई। उनका कहना था कि इन हादसों ने प्रशासन की तैयारियों और आपदा प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मानसून से पहले जर्जर इमारतों का सर्वे, पेड़ों की समय पर छंटाई, मैनहोल की सुरक्षा, जल निकासी व्यवस्था और आपातकालीन तैयारियां प्रभावी ढंग से की गई होतीं, तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी। इसलिए इन घटनाओं में हुई लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
वडेट्टीवार ने मुंबई-पुणे मार्ग के मिसिंग लिंक क्षेत्र में हुए भूस्खलन का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दरकती पहाड़ी के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ है। इसका असर पुराने मुंबई-पुणे हाईवे और घाट सेक्शन से गुजरने वाली रेल सेवाओं पर भी पड़ा, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मौजूदा स्थिति पर तत्काल आधिकारिक बयान जारी कर नागरिकों को वास्तविक स्थिति, राहत उपायों और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी जाए। साथ ही बारिश के दौरान हुई सभी दुर्घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कर संबंधित विभागों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।


