नवी मुंबई: नवी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच महानगरपालिका ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। शहर में खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के मद्देनुसार नवी मुंबई महानगरपालिका (मनपा) ने शुक्रवार को दोपहर की पाली में संचालित होने वाले सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
मनपा आयुक्त के निर्देश पर जारी आदेश में कहा गया है कि दोपहर की पाली के सभी सरकारी, अनुदानित और निजी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं, सुबह की पाली तथा सामान्य समय पर संचालित हो रहे स्कूलों को विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से घर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए स्कूल प्रशासन को अभिभावकों से तत्काल संपर्क करने और विद्यार्थियों को उनकी देखरेख में घर भेजने को कहा गया है।
महानगरपालिका ने स्पष्ट किया है कि लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए यह निर्णय एहतियात के तौर पर लिया गया है। स्कूलों को विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, परिवहन व्यवस्था पर नजर रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।शहर में जारी तेज बारिश के कारण प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। संबंधित विभागों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
मनपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और बिना जरूरी काम के घर से बाहर निकलने से बचें। साथ ही, अभिभावकों से भी स्कूलों की ओर से जारी सूचना पर ध्यान देने और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया है।


