मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शहर और उपनगरों में तेज बारिश के चलते कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, आज कुछ इलाकों के लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। विभाग ने अगले कुछ घंटों में बारिश का जोर और बढ़ने की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
बारिश का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अंधेरी सबवे पूरी तरह पानी में डूब गया है, जबकि कई प्रमुख सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। इसके अलावा, रेलवे के तीनों मार्गों पर लोकल ट्रेन सेवाएं लगभग 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि अत्यंत आवश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकलें। वहीं, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए रायगढ़ और पालघर जिले के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।


